बलिया में एक अजीब मामला उजागर हुआ है। जहां एक महिला का कहना है कि उसके पति के घर में भूत है। इसलिए वह अपने पति को छोड़कर मायके चली गई। अब मामला थाने तक पहुंच गया है लेकिन महिला समझने को तैयार नहीं है। आखिरी में महिला ने पति का साथ ही छोड़ दिया।
मामला मनियर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। युवक की शादी 2021 में पकड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। शादी के बाद पत्नी ससुराल आई। उसके ससुराल आने के बाद दियारा क्षेत्र में बाढ़ आ गई। बाढ़ के बाद विवाहिता मायके चली गई। उसके बाद आने का नाम ही नहीं ले रही। कुछ दिन बाद पंचायत हुई। इसके बाद विवाहिता किसी तरीके से गांव आई। लेकिन ससुराल में न रहने की जिद पर अड़ गई।
करीब डेढ़ वर्ष बाद विवाहिता ने ससुराल में यह कहते हुए रहने से मना कर दिया कि मैं दियारे में नहीं रहूंगी। पति ने कहा कि ठीक है। दियारे में मत रहो। गांव में मेरा घर है वहां रहो। वहां भी विवाहिता ने रहने से मना कर दिया। कहा कि शहर में रहूंगी। जब पति ने उसे शहर में रखने में असमर्थता जताई तो पत्नी ने आरोप लगाया कि तुम्हारे घर में भूत है। मैं तुम्हारे घर नहीं रह सकती।
इस संबंध में पंचायत भी हुई। लाख मान मनौव्वल किया गया। मामला मनियर थाने पर भी पहुंचा, लेकिन विवाहिता जिद पर अड़ी रही। अंत में विवाहिता का संबंध उसके पति से छूट गया। विवाहिता अपने मायके चली गई। इस संबंध में एसओ प्रवीण सिंह ने बताया कि महिला को बहुत समझाया गया, लेकिन वह ससुराल नहीं रहना चाहती थी। दोनों पक्ष के परिजनों ने आपस में समझौता कर लिया।